खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत भाकृअनुप-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम, रांची में नुक्कड़ नाटक का आयोजन

खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत भाकृअनुप-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, नामकुम, रांची में नुक्कड़ नाटक का आयोजन

23 अक्टूबर, 2026, रांची

खेत बचाओ अभियान के तहत, भाकृअनुप-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, राँची ने कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, राँची के साथ मिलकर आज किसानों में कृषि एवं मृदा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया।

 

नुक्कड़ नाटक की रोचक प्रस्तुति के माध्यम से किसानों को खेतों की उर्वरता बनाए रखने, मृदा स्वास्थ्य की रक्षा, फसल अवशेष प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोगों के समेकित प्रबंधन (आईपीएम) तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही, किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियाँ अपनाने और रासायनिक कीटनाशकों का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पहल से किसानों में पर्यावरण-अनुकूल खेती के प्रति समझ विकसित हुई। कार्यक्रम में महिला किसानों की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि वे कृषि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

   

कार्यक्रम में डॉ. अभिजीत कर, निदेशक, भाकृअनुप-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, राँची एवं डॉ. एस.के. पाण्डेय, वैज्ञानिक की गरिमामयी उपस्थिति रही; साथ ही दोनों ही कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

नामकुम प्रखण्ड के लाली और राजाउलातू गाँवों से 62 किसानों, जिनमें 38 महिलाएँ और 24 पुरुष इस कार्यक्रम में भाग लिया।

(स्रोतः भाकृअनुप-राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, राँची)

×